दिल्ली में आज से जनगणना 2027 की तैयारी के तहत सेल्फ-एन्युमरेशन (स्व-गणना) प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके जरिए नागरिक घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं।
यह सुविधा दिल्ली नगर निगम (MCD), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंट क्षेत्रों में लागू की गई है। MCD क्षेत्रों में यह प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक चलेगी। नागरिकों को अपनी जानकारी भरने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।
इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लोग खुद वेब पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए 16 भाषाओं में अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसके बाद घर-घर सर्वे के दौरान सरकारी कर्मचारी इन जानकारियों का सत्यापन करेंगे।
कैसे करें सेल्फ-एन्युमरेशन?
नागरिक https://se.census.gov.in वेबसाइट या संबंधित मोबाइल ऐप के जरिए लॉग-इन कर सकते हैं। मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करने के बाद ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद घर का जिला, पिन कोड और लोकेशन की जानकारी भरनी होगी।
जानकारी पूरी करने के बाद एक सेल्फ-एन्युमरेशन आईडी (SE ID) जनरेट होगी, जिसे बाद में आने वाले गणनाकर्ता को दिखाना होगा।
क्या-क्या जानकारी देनी होगी?
इस प्रक्रिया में नागरिकों से घर की संरचना, कमरों की संख्या, पानी और बिजली की सुविधा, खाना बनाने का ईंधन, शौचालय की स्थिति, और घर में मौजूद सुविधाओं जैसे मोबाइल, टीवी, वाहन आदि से जुड़े कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे।
जनगणना की प्रक्रिया
जनगणना 2027 दो चरणों में पूरी की जाएगी—पहले चरण में मकानों की गणना और दूसरे चरण में जनसंख्या की गिनती होगी। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है।
स्वतंत्रता के बाद यह देश की आठवीं जनगणना होगी। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय होगी और इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

