प्रयागराज में एक 4 साल की बच्ची ने ऐसा अद्भुत कारनामा कर दिखाया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। नैनी इलाके के महेवा निवासी देवेंद्र भारती की बेटी सत्या भारती ने अपने चौथे जन्मदिन पर यमुना नदी को तैरकर पार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सत्या भारती ने करीब 900 मीटर की दूरी ब्रेस्ट स्ट्रोक शैली में सिर्फ 21 मिनट 28 सेकंड में पूरी की। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना बेहद खास माना जा रहा है। सत्या अभी स्कूल नहीं जाती हैं और खेल-कूद की उम्र में ही वह स्विमिंग की ट्रेनिंग ले रही हैं।
उनके कोच त्रिभुवन निषाद, जो पिछले कई दशकों से तैराकी की ट्रेनिंग दे रहे हैं, ने बताया कि सत्या पिछले एक साल से लगातार अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्ची में शुरुआत से ही असाधारण प्रतिभा दिखाई दी, जिसके बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सत्या के पिता देवेंद्र भारती भी स्विमिंग करते हैं और बेटी के नेशनल चैंपियन बनने का सपना देखते हैं। उनका कहना है कि वे अपनी बेटी की ट्रेनिंग में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे ताकि वह आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सके।
कोच का मानना है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर सत्या भविष्य में बड़ी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं। वहीं, सत्या की मासूम ख्वाहिश है कि वह बड़ी होकर पुलिस अफसर बने।

