मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 73.42 प्रतिशत छात्र सफल रहे, जबकि 12वीं में 76.01 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
10वीं कक्षा में प्रतिभा सिंह सोलंकी ने टॉप कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं 12वीं कक्षा में साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों संकायों में अलग-अलग टॉपर्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कॉमर्स स्ट्रीम में खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। साइंस स्ट्रीम में श्लोक प्रजापति ने टॉप किया, जबकि आर्ट्स स्ट्रीम में श्रुति तोमर और आकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया।
मध्य प्रदेश बोर्ड ने बताया कि इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा है।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें रोल नंबर, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। इसके अलावा परिणाम डिजिलॉकर (DigiLocker) की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
डिजिलॉकर में लॉगिन करने के बाद छात्रों को MP Board Result सेक्शन में जाकर अपनी कक्षा का चयन करना होगा और आवश्यक जानकारी भरने के बाद मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है।

