भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर के इमैजिनियरिंग लैब में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के तहत “असिस्टेंट मशीनिस्ट – आयरन एंड स्टील” कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के संचालन में संस्थान की 4-i लैब, सेंट्रल वर्कशॉप और टिंकरिंग लैब का सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
यह पहल भारत सरकार के “विकसित भारत” के विजन के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। IIT कानपुर में इस तरह का कौशल विकास कार्यक्रम पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम, मशीनिंग तकनीक, उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं से संबंधित व्यावहारिक और उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को मशीन संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण और उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी जाएगी।
यह कोर्स कुल 420 घंटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जो लगभग 70 दिनों तक चलेगा। इसमें प्रतिभागियों को प्रतिदिन 6 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान भी प्राप्त हो सके। संस्थान की योजना है कि इस पहल के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से करीब 360 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल युवाओं के कौशल को विकसित किया जाएगा, बल्कि उन्हें उन्नत मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे। IIT कानपुर का यह प्रयास उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
