लखीमपुर खीरी के कबीरधाम मुस्तफाबाद में आयोजित कबीर महोत्सव व राष्ट्रीय संत श्री असंग देव जी महाराज जी के जन्मोत्सव स्मृति मेले में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचेंगे, जो यहां सवा घंटे तक रुकेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारी लगभग पूरी कर ली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। सीसीटीवी के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से सुबह 10:40 बजे हेलीकाप्टर से निकलेंगे। लखीमपुर के कबीरधाम के विश्व कल्याण आश्रम के पास बने हेलीपैड पर उनका हेलीकाॅप्टर 11:10 बजे उतरेगा। इसके बाद वे कार से कार्यक्रम स्थल 11:15 बजे पहुंचेंगे। कार्यक्रम में दोपहर 12:15 बजे तक रहेंगे। इसके बाद 12:25 पर वह वापस लखनऊ चले जाएंगे।
मुख्यमंत्री सिर्फ कबीरधाम के ही कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे न तो अफसरों के साथ बैठक करेंगे और न ही कोई लोकार्पण व शिलान्यास। इधर, मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की गई हैं। इधर, कार्यक्रम स्थल पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शुक्ला, सीडीओ अभिषेक कुमार पूरी प्रशासनिक व पुलिस के अफसर जमे हुए हैं, ताकि कोई चूक न हो सके।


