प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर योगी सरकार की गंभीरता का असर जिलों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दिखाई दे रहा है। सीएम डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं रामपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर रहा।
जिलाधिकारियों के मुताबिक, बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, योजनाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग और शिकायतों पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर जिलों ने यह उपलब्धि हासिल की है।
9.53 अंक के साथ शाहजहांपुर नंबर वन
शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिलों के प्रदर्शन का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों की प्रगति, राजस्व प्रबंधन और जनशिकायतों के निस्तारण जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। साथ ही सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
अगस्त माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 10 में से 9.53 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
रामपुर 9.48 अंक के साथ दूसरे स्थान पर
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इनमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई माह में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 68 योजनाओं की मॉनीटरिंग की गई, जिनमें से 65 कार्यक्रमों में जिले को ए ग्रेड प्राप्त हुआ। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, लोक निर्माण, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई समेत कई विभागों में जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल किया।
अगस्त की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में रामपुर ने 9.48 अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। जिला पिछले कई महीनों से टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए है।
बरेली तीसरे स्थान पर, कई जिलों ने टॉप-10 में बनाई जगह
अगस्त माह की रैंकिंग में बरेली ने 9.43 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आजमगढ़ और पीलीभीत ने 9.36-9.36 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
मैनपुरी 9.34 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहा। वहीं महराजगंज ने 9.27 अंक के साथ छठा, अंबेडकरनगर ने 9.26 अंक के साथ सातवां, सुल्तानपुर ने 9.24 अंक के साथ आठवां, हरदोई ने 9.23 अंक के साथ नौवां और सोनभद्र ने 9.21 अंक के साथ दसवां स्थान हासिल किया।
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में जिलों का लगातार बेहतर प्रदर्शन प्रदेश में प्रशासनिक कार्यों की निगरानी, जनशिकायतों के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।


