गोरखनाथ मंदिर में दिखा गोकुल का नजारा, कृष्ण-राधा बने बच्चों से मिले CM योगी

shikha verma
4 Min Read

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के बाल स्वरूप में सजकर पहुंचे। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा ने कार्यक्रम स्थल का माहौल ऐसा बना दिया, मानो सभागार में गोकुल का नजारा जीवंत हो उठा हो।

गोरखनाथ मंदिर के ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में पहुंचकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों को दुलार किया और उन्हें खिलौने, चॉकलेट सहित अन्य उपहार भेंट किए।

कृष्ण और राधा के रूप में नजर आए नन्हे कलाकार

बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में किसी बच्चे ने भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किया तो कोई राधा के स्वरूप में नजर आया। बच्चों की रंग-बिरंगी वेशभूषा और आकर्षक सज्जा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों में किया गया। कान्हा वर्ग में शर्विल पांडेय ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सौम्या प्रजापति दूसरे और हिमांशी श्रीवास्तव तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं गोपाल वर्ग में सार्थक को प्रथम, राजवीर को द्वितीय और रुद्र को तृतीय पुरस्कार मिला। विजेताओं के साथ प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सारिका राय, मनीषा सिंह और हृदया त्रिपाठी ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र पांडेय ने किया।

भजन संध्या से भक्तिमय हुआ माहौल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। डॉ. राकेश श्रीवास्तव के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पुनीत श्रीवास्तव के भक्ति गीत से हुई।

इसके बाद हृदया त्रिपाठी और अनीता सिंह ने सोहर, जबकि लक्ष्मी गुप्ता ने बधाई गीत प्रस्तुत किया। उमेश मिश्रा और एकता शुक्ला ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने पारंपरिक बधाई गीत और सोहर सुनाकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

संगीत प्रस्तुति के दौरान श्यामसुंदर लाल श्रीवास्तव हंसलोना, दीपक, आभास पाठक और सुधाकर सिन्हा ने वाद्य यंत्रों पर संगत की।

गर्भगृह में भी गूंजे कृष्ण भजन

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में भी विशेष भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हनुमत संगीत आश्रम एवं सेवा संस्थान की ओर से रात आठ बजे से मध्यरात्रि तक भजनों की प्रस्तुति दी गई।

जन्मोत्सव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गर्भगृह में पहुंचकर भजनों का श्रवण किया। कार्यक्रम की शुरुआत गायक एवं संगीतकार अभिषेक पांडेय बिट्टू की भजन प्रस्तुति से हुई।

इसके बाद सिद्धि सिंह, निशांत शुक्ला, श्रेयांश तेजस्वी, ओम सिंह, हृदयांश श्रीवास्तव, अपूर्व नमन, आकांक्षा त्रिपाठी, प्रीति अग्रहरि और अलका जायसवाल ने भजनों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।

कार्यक्रम का संयोजन धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि संगीत निर्देशन अभिषेक पांडेय बिट्टू का रहा। वाद्य यंत्रों पर अजीत राज, शैलेश दुबे और रुद्राक्ष शुक्ला ने संगत की।

Share This Article
Leave a Comment