उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हत्याकांड को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की हत्या से इलाके में भय का माहौल है। उन्होंने घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
जाट समुदाय में आक्रोश का किया जिक्र
सपा अध्यक्ष ने मृतक की मां की स्थिति पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर शोक मनाने की तस्वीर बेहद पीड़ादायक है।
अखिलेश यादव के मुताबिक, जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर जाट समुदाय में आक्रोश है। साथ ही उन्होंने हत्याकांड की जांच में राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के पहलू को भी शामिल करने की मांग की।
जिम से निकलते समय हुई गोलीबारी
पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान जिम में एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर आए चार अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीमें लगाई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।


