MBBS Interns को बड़ी राहत, UP में स्टाइपेंड 12 हजार से बढ़कर हुआ 25 हजार रुपये

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे MBBS और BDS छात्रों के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

अब प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को 12 हजार रुपये की जगह हर महीने 25 हजार रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। यानी मौजूदा राशि के मुकाबले यह बढ़ोतरी दोगुने से भी ज्यादा है।

MBBS-BDS इंटर्न को मिलेगा सीधा लाभ

सरकार के इस फैसले का लाभ प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से MBBS और BDS की परीक्षा पास करने के बाद रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को मिलेगा।

लंबे समय से मेडिकल इंटर्न स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे थे। ऐसे में सरकार के इस फैसले से हजारों मेडिकल छात्रों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

2021 में भी बढ़ाया गया था स्टाइपेंड

योगी सरकार ने इससे पहले 2021 में MBBS और BDS इंटर्न का स्टाइपेंड 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रति माह किया था। अब एक बार फिर इसमें बड़ी बढ़ोतरी करते हुए इसे 25 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है।

OPD से लेकर इमरजेंसी और नाइट ड्यूटी तक निभाते हैं जिम्मेदारी

रोटेटिंग इंटर्नशिप मेडिकल छात्रों के प्रशिक्षण का अहम हिस्सा है। इंटर्नशिप के दौरान छात्र सरकारी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों के साथ मरीजों के इलाज में सहयोग करते हैं।

इसके अलावा वे OPD, वार्ड, इमरजेंसी सेवाओं और रात्रि ड्यूटी में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में स्टाइपेंड बढ़ने से इंटर्न को आर्थिक रूप से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

योगी कैबिनेट की बैठक में मेडिकल इंटर्न के स्टाइपेंड के अलावा कई अन्य अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। सरकार ने 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए UPSRTC की बसों में मुफ्त आजीवन यात्रा की योजना को भी मंजूरी दी है।

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। सरकार का अनुमान है कि इस योजना से एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिल सकता है।

Share This Article
Leave a Comment