‘आरक्षण हटाओ’ आंदोलन के लिए जंतर-मंतर पहुंचे लोग, पुलिस ने कहा- यहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं

shikha verma
2 Min Read

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार से प्रस्तावित ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ को लेकर हलचल बढ़ गई है। आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पहुंचने लगे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।

प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से की दूसरी जगह जाने की अपील

दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटकर रामलीला मैदान जाने के लिए कहा गया है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान की अनुमति दी जा सकती है और प्रदर्शनकारियों से निर्धारित स्थान पर जाने की अपील की गई है।

आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करने की मांग को लेकर प्रस्तावित इस आंदोलन को लेकर प्रशासन सतर्क है। जंतर-मंतर पर लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।

फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है। अनुमति नहीं मिलने के बावजूद लोगों के जुटने से प्रशासन के सामने भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment