वाराणसी एयरपोर्ट परिसर में रविवार सुबह चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने की घटना सामने आई। हादसे में एयरपोर्ट के दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय महाराष्ट्र जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से यात्रा करनी थी। यात्री के पास ऑल इंडिया परमिट वाली लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसकी एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान अचानक चली गोली
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर एम्प्लॉयी सुमन कुमारी द्वारा यात्री की स्कैनिंग किए जाने के बाद उनके दस्तावेज और एम्युनिशन की जांच की गई। इसके बाद लाइसेंसी पिस्टल की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से फायर हो गया।
पुलिस के अनुसार, यात्री ने जांच के दौरान पिस्टल को अनलोडेड बताया था, लेकिन जांच में उसमें गोली मौजूद पाई गई। इसके बाद पिस्टल की जांच के दौरान अचानक फायरिंग हो गई और दो ग्राउंड स्टाफ इसकी चपेट में आ गए।
दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर
गोली चलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में तत्काल अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल दोनों ग्राउंड स्टाफ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के नजदीकी फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फायरिंग चेकिंग के दौरान दुर्घटनावश हुई। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की ओर से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और हथियार की जांच से जुड़ी प्रक्रिया की भी समीक्षा की जा रही है।


