मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। यूपी टी-20 लीग प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबला काशी रुद्रा और मेरठ की टीमों के बीच खेला गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं। काशी से मेरठ तक विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक मंच पर देखकर खुशी होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के लिए मजबूत आधार तैयार करने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देते हैं।
काशी से मेरठ तक एक मंच पर आया पूरा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 में काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के माध्यम से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का लाभ केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहता। कोच, मेंटर, सपोर्ट स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता और अनुभव का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा सकता है।
युवाओं के सपनों को उड़ान दे रहा यूपी टी-20
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 महज एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच है। अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यूपी टी-20 के माध्यम से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर सामने आएंगे।
खेल युवाओं में विकसित करता है टीम भावना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि मैदान पर टीम के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करने का अनुभव युवाओं को जीवन के दूसरे क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करता है। इसलिए युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
‘फिट इंडिया’ के लिए जरूरी हैं फिट युवा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि फिट और स्वस्थ युवा ही देश के मजबूत भविष्य की नींव तैयार करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ सोच भी जरूरी है और खेल दोनों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यूपी टी-20 जैसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का भी काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों से यूपी टी-20 से जुड़ने तथा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह आयोजन खेल भावना और युवा शक्ति को समर्पित है।
प्रदेश में क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें वह समय याद है, जब प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के समक्ष उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता रखी थी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं, यह अपने आप में उत्साहजनक उपलब्धि है।
उन्होंने यूपी टी-20 से जुड़े सभी खिलाड़ियों, टीमों, कप्तानों, कोच, मेंटर्स, सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, यूपी टी-20 की विभिन्न टीमों के कप्तान तथा प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


