स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ को भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास और अदम्य शौर्य की झलक देखने का अवसर मिलने जा रहा है। सीजी सिटी स्थित अर्बन वेटलैंड के पास विकसित नौसेना शौर्य संग्रहालय 15 अगस्त 2026 से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
संग्रहालय में भारतीय नौसेना के ऐतिहासिक और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ देश की समुद्री सुरक्षा और सैन्य क्षमता से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसे लखनऊ के प्रमुख पर्यटन और जनआकर्षण केंद्रों में शामिल करने की तैयारी है।
दो सप्ताह तक सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) संग्रहालय के संचालन और अनुरक्षण की जिम्मेदारी संभालेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संग्रहालय को आम नागरिकों के लिए खोलने के निर्देश जारी किए हैं।
शुरुआती दो सप्ताह तक संग्रहालय में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके बाद बच्चों के लिए ₹25 और वयस्कों के लिए ₹50 प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। संग्रहालय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा।
सीएम योगी और रक्षा मंत्री ने किया था लोकार्पण
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 30 मई 2026 को नौसेना शौर्य संग्रहालय का लोकार्पण किया था। अब स्वतंत्रता दिवस से इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
15 अगस्त को यहां 3 यूपी नेवल यूनिट की ओर से ध्वजारोहण भी किया जाएगा।
टीयू-142 से टारपीडो लांचर तक दिखेगी नौसेना की ताकत
नौसेना शौर्य संग्रहालय में भारतीय नौसेना से जुड़े कई महत्वपूर्ण और वास्तविक उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं। यहां रखा टीयू-142 समुद्री गश्ती विमान दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
इसके अलावा आईएनएस गोमती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और कैपस्टन ड्रम भी प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय में सीईटी 53 एम पनडुब्बी अवरोधक, एके-726 मीडियम रेंज तोप, आईएनएस गोमती का मुख्य मस्तूल एवं अग्र मस्तूल, पी-21 पोत अवरोधक मिसाइल, मिसाइल कंटेनर, ट्रिपल टारपीडो लांचर और एके-230 तोप प्रणाली समेत कई नौसैनिक उपकरण दर्शकों को देखने को मिलेंगे।
बच्चों और युवाओं के लिए बनेगा प्रेरणा का केंद्र
ओपन एयर म्यूजियम में नौसेना के वास्तविक उपकरणों को करीब से देखने का अवसर बच्चों और युवाओं के लिए खास अनुभव होगा। इससे उनमें देश की रक्षा व्यवस्था, सैन्य तकनीक और राष्ट्रसेवा के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
यह संग्रहालय भारतीय नौसेना के शौर्य और पराक्रम से लोगों को परिचित कराने के साथ युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करने का भी माध्यम बनेगा। पर्यटन, संस्कृति और राष्ट्र गौरव से जुड़े स्थलों के विकास की दिशा में इसे लखनऊ के लिए एक महत्वपूर्ण नई पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।
जल्द शुरू होगा रेस्टोरेंट-कैफेटेरिया
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नौसेना शौर्य संग्रहालय को आम लोगों के लिए समर्पित किया जा रहा है। यह परिसर लखनऊ सहित पूरे प्रदेश के लोगों को भारतीय नौसेना की गौरवशाली विरासत, शौर्य और तकनीकी क्षमता से परिचित कराएगा।
उन्होंने बताया कि आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहालय परिसर में जल्द ही रेस्टोरेंट/कैफेटेरिया की सुविधा भी शुरू की जाएगी।


