प्रयागराज के ममफोर्ड गंज स्थित पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दादा और रायबरेली से सांसद रहे फिरोज गांधी की कब्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कब्रिस्तान की कथित उपेक्षा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और राहुल गांधी से सवाल किए।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने दादा फिरोज गांधी को सम्मान क्यों नहीं देते? उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में अपने बड़ों का सम्मान और उनका स्मरण करने की परंपरा रही है, चाहे आपसी मतभेद कितने भी क्यों न हों।
उन्होंने कहा, “अगर आप अपने बड़ों का सम्मान नहीं करते हैं तो किस अधिकार से युवा पीढ़ी और जेन-जी को यह बताएंगे कि उन्हें भविष्य में क्या करना चाहिए?” उन्होंने आगे कहा कि युवा पीढ़ी को अपने पूर्वजों और बड़ों के सम्मान की सीख देना भारतीय संस्कृति का हिस्सा है।
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सबका सहयोग’ के संकल्प को लेकर सभी को आगे बढ़ना चाहिए। इसी भावना के तहत वह पारसी कब्रिस्तान पहुंचे हैं।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कब्रिस्तान में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने और एक केयरटेकर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परिसर की देखरेख नियमित रूप से हो सके।
इस दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे।


