बिहार बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरे फोन कॉल के बाद उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरि भूषण ठाकुर के अनुसार, उन्हें शनिवार रात दो अलग-अलग नंबरों से फोन कॉल आए। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बाद में जान से मारने की धमकी दी।
पूर्व विधायक ने अपनी शिकायत में बताया कि वह शनिवार रात अपने पटना स्थित आवास पर मौजूद थे, तभी करीब 8:46 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल रिसीव करने के बाद उन्हें कथित रूप से गाली दी गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
उन्होंने पुलिस को बताया कि संबंधित नंबर से कई बार मिस्ड कॉल भी आई थीं। कॉलर आइडेंटिफिकेशन ऐप पर नंबर की जानकारी एक व्यक्ति के नाम से दिखाई दे रही थी, जिसे उन्होंने पुलिस के साथ साझा किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल्स, फोन नंबर और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हरि भूषण ठाकुर बचौल मधुबनी जिले की बिस्फी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वर्तमान में वह बीजेपी बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।


