केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति को केवल जीत और हार के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि देश और युवाओं के हित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
गिरिराज सिंह ने कहा, “अगर विपक्ष की सोच सिर्फ जीत-हार तक सीमित है, तो भगवान ही हमें बचाए। हमारी चिंता देश और युवाओं के भविष्य को लेकर है।”
उन्होंने इस पूरे मामले में साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले समय में कई तथ्यों का खुलासा होगा। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि कुछ लोग पैसे की ताकत का इस्तेमाल कर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इस मामले में विदेश से फंडिंग किए जाने की भी बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय पर परीक्षाएं आयोजित कराईं, परिणाम जारी किए और प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाया, जिससे छात्रों का साल बर्बाद नहीं हुआ।
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ लोग युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर रही है।
NEET विवाद के बीच हुआ इस्तीफा
गौरतलब है कि NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। छात्रों के लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन और जंतर-मंतर आंदोलन के बाद यह घटनाक्रम सामने आया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। जहां विपक्ष और आंदोलन से जुड़े लोग इसे छात्रों की मांगों की जीत बता रहे हैं, वहीं बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह फैसला व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।


