PM मोदी के फैसले के बाद गिरिराज सिंह का वार, कहा- छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहा विपक्ष

shikha verma
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के ऐलान के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और आम आदमी पार्टी (AAP) पर छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को भरोसा दिलाया था और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई थी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों ने दोबारा परीक्षा में हिस्सा लिया और अब आगे की प्रक्रिया जारी है।

विपक्ष पर मांग बदलने का लगाया आरोप

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार अपनी मांगें बदल रहा है और छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष अलग-अलग शर्तें सामने रख रहा है।

गिरिराज सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री से ज्यादा संवेदनशील कोई नहीं हो सकता। उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कही है और मेरा विश्वास है कि बातचीत के जरिए समाधान निकलेगा।”

ललन सिंह ने भी विपक्ष पर साधा निशाना

वहीं, जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष किसी मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहता और केवल नई शर्तें रख रहा है।

ललन सिंह ने कहा कि सरकार सदन में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन चर्चा किसी शर्त के आधार पर नहीं हो सकती।

शाहनवाज हुसैन ने पीएम के फैसले का किया समर्थन

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री के फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने छात्रों और युवाओं को भरोसा दिलाया है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a Comment