दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और कथित लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह धरना रातभर जारी रहेगा।
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, जयराम रमेश समेत पार्टी के कई सांसद और नेता मौजूद हैं। कांग्रेस की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने की बातचीत की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह राहुल गांधी से बातचीत के लिए धरना स्थल पर पहुंचे। उनके साथ गृह सचिव गोविंद मोहन भी मौजूद थे। हालांकि, बातचीत के बाद दोनों वहां से वापस लौट गए। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि राहुल गांधी रातभर धरना स्थल पर मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस ने उठाई संसद में चर्चा की मांग
जयराम रमेश ने कहा कि विपक्ष की मांग है कि गृह मंत्री संसद में इस मामले पर बयान दें और सदन में इस मुद्दे पर चर्चा कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने धर्मेंद्र प्रधान, अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है।
राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में की अपील
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई हर भारतीय परिवार से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने लोगों से धरने में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस का कहना है कि वह छात्रों के मुद्दे पर सरकार से जवाब और संसद में चर्चा की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी।


