सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन पर बोले चिराग पासवान, राजनीतिक इस्तेमाल का लगाया आरोप

shikha verma
2 Min Read

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक दल उन्हें अपना चेहरा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।

चिराग पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है। अगर किसी मुद्दे पर कोई समस्या है तो उसके समाधान के लिए सुझाव दिए जा सकते हैं और सरकार उस पर चर्चा कर सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है और सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दल सोनम वांगचुक के नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

‘चूक हुई तो जवाबदेही तय होगी’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर किसी मामले में कोई कमी सामने आती है तो उसकी समीक्षा की जाएगी और जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन हर मुद्दे का समाधान बातचीत और चर्चा से निकाला जा सकता है।

बांकीपुर उपचुनाव पर भी साधा निशाना

चिराग पासवान ने बिहार के बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का मौका है, लेकिन आरजेडी नेतृत्व की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी होती है कि वह जनता से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहें।

Share This Article
Leave a Comment