हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार, 9 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भारी बारिश, जबकि कांगड़ा, किन्नौर और कुल्लू में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं सिरमौर जिले के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इससे यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ने की आशंका है।
लगातार वर्षा के बीच किन्नौर जिले के संवेदनशील मलिंग नाला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) बाधित हो गया। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने तथा यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने को कहा है।


