दिल्ली का सदर बाजार होगा शिफ्ट? हरियाणा सरकार की योजना पर व्यापारियों ने कही बड़ी बात

shikha verma
3 Min Read

दिल्ली के सबसे पुराने और बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार को हरियाणा शिफ्ट करने की चर्चा के बीच व्यापारियों ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि वे कारोबार विस्तार के लिए हरियाणा में नई सुविधाओं का स्वागत करते हैं, लेकिन ऐतिहासिक सदर बाजार को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित करने के पक्ष में नहीं हैं।

दरअसल, हरियाणा सरकार दिल्ली के व्यापारियों और उद्योग जगत को अपने राज्य में निवेश और कारोबार विस्तार के लिए आकर्षित करने की योजना पर काम कर रही है। इसी सिलसिले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में राजधानी के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक में आधुनिक ट्रेड हब, प्लॉट आवंटन, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और भविष्य की कारोबारी जरूरतों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों के सुझावों और सहमति के आधार पर ही आगे की योजनाएं तैयार की जाएंगी।

सदर बाजार के व्यापारियों ने शिफ्टिंग से किया इनकार

फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि बैठक में प्रस्तावित आधुनिक ट्रेड एवं मार्केट हब को लेकर चर्चा हुई, लेकिन दिल्ली के ऐतिहासिक सदर बाजार को छोड़कर किसी अन्य स्थान पर जाने का प्रस्ताव व्यापारियों को स्वीकार नहीं है।

व्यापारियों ने सरकार के सामने मांग रखी कि नए व्यापारिक केंद्रों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिनमें बड़े वेयरहाउस, बेहतर सड़क व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और मजबूत परिवहन नेटवर्क शामिल हों।

प्लॉट आधारित मॉडल की मांग

व्यापारियों का कहना है कि बहुमंजिला व्यावसायिक इमारतों की बजाय प्लॉट आधारित मॉडल ज्यादा उपयोगी होगा। इससे कारोबारी एक ही परिसर में शोरूम, कार्यालय और गोदाम विकसित कर सकेंगे।

बैठक में व्यापारियों ने 125 एकड़ जमीन के प्रस्ताव पर भी अपनी चिंता जताई। उनका कहना है कि सदर बाजार का कारोबार काफी बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है, इसलिए भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अधिक भूमि की आवश्यकता होगी।

हरियाणा में विकसित होंगे नए व्यापारिक केंद्र

हरियाणा सरकार राई, पलवल, मानेसर, बहादुरगढ़ और सोनीपत जैसे क्षेत्रों में आधुनिक औद्योगिक और थोक व्यापारिक केंद्र विकसित करने की योजना बना रही है। इन क्षेत्रों में बेहतर सड़क, बिजली, पानी, सीवर, इंटरनेट, दमकल और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने की मांग भी उठी। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि किसी भी बड़े कारोबारी केंद्र के लिए मजबूत परिवहन व्यवस्था जरूरी है। सदर बाजार को दिल्ली से हरियाणा ले जाने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। व्यापारियों और सरकार के बीच बातचीत जारी है और आगे की योजना सहमति के आधार पर तैयार की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment