बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने उनकी उम्मीदवारी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बिहार की राजनीति का महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया है।
मंगलवार (7 जुलाई) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से न केवल बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हुई है, बल्कि देशभर के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि एक “बिहारी बाबू” होने के नाते यह राजनीतिक घटनाक्रम उन्हें बेहद रोचक लगता है। साथ ही उन्होंने जनता, खासकर युवाओं से जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सोचने और प्रशांत किशोर का समर्थन करने की अपील की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने “जय बिहार, जय हिंद” भी लिखा।
गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा का बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पारिवारिक राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनके बेटे लव सिन्हा ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में इसी सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें भाजपा उम्मीदवार नितिन नवीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
अब बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। सभी की नजरें आगामी मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हैं।


