गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित श्रेष्ठ बिहार कॉलोनी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 27 जून को अखिलेश पुरोहित नामक इंजीनियर का शव उनकी ही कार के अंदर मिला। प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
पत्नी को लेने देहरादून जा रहे थे अखिलेश
जानकारी के अनुसार, अखिलेश पुरोहित अपनी पत्नी को देहरादून से लेने के लिए घर से निकले थे। उनकी शादी को दो साल हुए थे और उनका 8 महीने का एक बच्चा भी है। बताया गया कि घर से कुछ ही दूरी पर 28 जून की सुबह उनकी कार में वह अचेत अवस्था में मिले।
स्थानीय लोगों ने कार में व्यक्ति को बेहोश हालत में देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मृत पाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने की आशंका
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
शराब और एसी चलाकर सोने की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि अखिलेश ने पास की शराब की दुकान से शराब ली और कार में एसी चलाकर सो गए। इसी दौरान दम घुटने से उनकी मौत हो गई हो सकती है। पुलिस को कार में पेट्रोल खत्म होने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।


