उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर वाली इमारत में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर भाजपा नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना में कई लोगों की मौत और अन्य के घायल होने पर नेताओं ने इसे अत्यंत दुखद और गंभीर हादसा बताया।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। नकवी ने मांग की कि इस घटना में जिन लोगों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह त्रासदी शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं मंत्री नरेंद्र कश्यप ने इसे एक बड़ी और गंभीर दुर्घटना बताते हुए कहा कि सरकार इस घटना से बेहद दुखी है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे हैं और घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है।
नेताओं ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही प्रशासन से अपील की गई है कि आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच की जाए और जिनकी भी लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


