भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं और 23 जून के आसपास इसके छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।
IMD ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 25 जून तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी लू का असर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, ओडिशा और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि देश के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू से राहत मिलने में अभी समय लग सकता है।


