मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उन्होंने मां दुर्गा की आरती उतारी और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आने वाले भक्तों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
सीएम योगी शुक्रवार को बलरामपुर दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इसके बाद उन्होंने रात्रि विश्राम भी किया। शनिवार सुबह मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संतों और नागरिकों से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाकर गोसेवा की और पशुपालन व्यवस्था की सराहना की।
दर्शन-पूजन के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास जी, विधायक पलटूराम और कैलाश नारायण शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री गोंडा के लिए रवाना हो गए।


