राजस्थान के अजमेर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। यह कार्यक्रम अगले 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें करीब 100 जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस शिविर का उद्देश्य पार्टी के संगठन को मजबूत करना, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और जनता से जुड़े मुद्दों पर रणनीति तैयार करना है। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर भी यहां विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस शिविर में संगठन के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे और विभिन्न सत्रों के माध्यम से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में दिल्ली और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शामिल हैं।
शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, सीपी जोशी और भंवर जितेंद्र सिंह जैसे वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे।
आज पहले दिन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मौजूद रहे।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के भी इस शिविर में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इस चिंतन शिविर में संगठन को मजबूत करने, जनता के मुद्दों पर रणनीति बनाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


