उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गुरुवार देर रात जारी आदेश में सचिव और विशेष सचिव स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में बलिया, आजमगढ़ और इटावा जिलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार, आईएएस अधिकारी सुधा वर्मा को सचिव राजस्व विभाग से हटाकर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नेहा शर्मा को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग बनाया गया है।
आईएएस अरुण कुमार को मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा दीपा रंजन को विशेष सचिव संस्कृति विभाग और संजय कुमार सिंह को निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
तबादला सूची में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। राकेश कुमार पटेल को मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी बलिया और संजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी इटावा की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा ओजस्वी राज को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन नगर निगम, संदीप भागिया को प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है।
सरकार ने कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे हैं। इनमें भूतत्व एवं खनिकर्म, संस्कृति, महिला कल्याण, वन एवं पर्यावरण, राजस्व और चीनी मिलों से जुड़े विभागों में नई जिम्मेदारियां शामिल हैं।
प्रशासनिक फेरबदल को राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।


