योगी आदित्यनाथ की जापान-सिंगापुर यात्रा: 2.5 लाख करोड़ निवेश और युवाओं के लिए नई संभावनाओं का सन्देश

Bole India
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी प्रान्त में मीडिया से संवाद करते हुए अपनी चार दिवसीय सिंगापुर-जापान यात्रा के महत्वपूर्ण परिणाम साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत की सकारात्मक छवि पूरी दुनिया में फैली है और इसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुले हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस यात्रा के दौरान सिंगापुर, टोक्यो और यामानाशी में लगभग 60 से अधिक जी-टू-जी, जी-टू-बी और बी-टू-बी बैठकें और रोड शो आयोजित किए गए। इनमें 450-500 निवेशक और वित्तीय संस्थानों के सीईओ शामिल हुए। इसके परिणामस्वरूप जापान से 1.5 लाख करोड़ रुपये और सिंगापुर से 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें कुल 1.5 लाख करोड़ रुपये के एमओयू सम्पन्न हुए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस यात्रा में आईटी, लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, टूरिज्म, फिनटेक और मिडटेक सहित विभिन्न सेक्टरों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। यामानाशी प्रान्त ने ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, सुपर हाई-स्पीड मैग्लेव ट्रेन और रोबोटिक्स आरएंडडी सेंटर का अवलोकन करवाया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं और निवेशों से उत्तर प्रदेश के युवाओं को स्किलिंग और रोजगार के व्यापक अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बेहतर कानून-व्यवस्था, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस और टेक्नोलॉजी के उपयोग के कारण उत्तर प्रदेश विश्वसनीय निवेश स्थल बन गया है। आगामी अगस्त में यामानाशी के 200 सीईओ उत्तर प्रदेश दौरे पर आएंगे, जबकि सिंगापुर के निवेशक भी प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्सुक हैं।

योगी जी ने इस यात्रा को उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निवेश और प्रौद्योगिकी प्रदेश के विकास के साथ-साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

Share This Article
Leave a Comment