भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ Virat Kohli ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अपनी इच्छा ज़ाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह अभी भी क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहते जहाँ उन्हें बार-बार अपनी अहमियत साबित करनी पड़े। आईपीएल फ्रेंचाइज़ी Royal Challengers Bengaluru के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विराट कोहली ने अपने भविष्य और भारतीय टीम में भूमिका को लेकर खुलकर बात की।
कोहली ने कहा कि अगर टीम और मैनेजमेंट को लगता है कि वह अब भी टीम के लिए उपयोगी हैं, तो वह खेलते रहेंगे। लेकिन अगर हर बार उनकी जगह और प्रदर्शन पर सवाल उठेंगे, तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे। उन्होंने कहा, “अगर मुझे लगातार अपनी वैल्यू साबित करनी पड़े, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है। या तो पहले दिन ही बता दीजिए कि मेरी ज़रूरत नहीं है, या फिर भरोसा रखिए और मुझे खेलने दीजिए।”
37 वर्षीय विराट कोहली इस समय आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने 12 मैचों में 484 रन बनाए हैं। वह इस सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं और ऑरेंज कैप के मज़बूत दावेदार माने जा रहे हैं। उनकी बल्लेबाज़ी और फिटनेस को लेकर लगातार तारीफ़ हो रही है।
कोहली ने कहा कि वह अपनी तैयारी और फिटनेस को लेकर पूरी तरह ईमानदार हैं। उन्होंने बताया कि वह हर मैच से पहले उतनी ही मेहनत करते हैं जितनी एक युवा खिलाड़ी करता है। उन्होंने कहा कि वह 50 ओवर तक मैदान पर फील्डिंग करने और पूरी ऊर्जा के साथ खेलने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अब वह क्रिकेट किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं, बल्कि खेल से प्यार की वजह से खेलते हैं। विजय हज़ारे ट्रॉफी में वापसी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मैदान पर उतरते ही उन्हें फिर से बच्चे जैसा महसूस होने लगा था।
भारतीय टीम के मुख्य कोच Gautam Gambhir ने अभी तक 2027 वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली और Rohit Sharma के भविष्य पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। हालांकि कोहली ने साफ़ कर दिया है कि जब तक टीम उन्हें चाहती रहेगी, वह पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ भारतीय क्रिकेट के लिए खेलते रहेंगे।


