यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP एक्टिव मोड में, CM योगी बोले- ‘जो सो रहे हैं, जाग जाएं’

shikha verma
4 Min Read

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को लखनऊ में आयोजित पार्टी की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सरकार के कामकाज का लाभ तभी चुनाव में मिलेगा, जब संगठन के कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि ‘जो सो रहे हैं, वे जाग जाएं।’ उन्होंने विपक्ष पर Gen-Z, Gen Alpha और राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए और विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देना चाहिए।

सिर्फ सरकार के काम से नहीं जीता जा सकता चुनाव

कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव केवल सरकार के काम के दम पर नहीं जीता जा सकता। इसके लिए संगठन का जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय रहना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और लोगों को योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी देने को कहा।

योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का अंतर भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की बदली तस्वीर और स्कूलों के कायाकल्प के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया।

एक्सप्रेसवे और RRTS जैसी परियोजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को भी चुनावी अभियान का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार के काम को सिर्फ पार्टी कार्यालयों तक सीमित न रखें, बल्कि हर बूथ और हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

स्मृति ईरानी ने बताया बीजेपी का ‘डिजिटल प्लान’

कार्यशाला में बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने संगठन के सामने डिजिटल नैरेटिव को लेकर रणनीति रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के डिजिटल प्रचार का जवाब केवल भाषणों से नहीं दिया जा सकता। इसके लिए उन लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लानी होंगी, जिन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है।

उन्होंने संगठन को उत्तर प्रदेश के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों से कम से कम 10-10 ‘सक्सेस स्टोरी’ तैयार करने का लक्ष्य दिया। इनमें पीएम आवास योजना से घर पाने वाले परिवार, ODOP के जरिए लाभ उठाने वाले कारीगर, मुद्रा योजना से कारोबार शुरू करने वाले उद्यमी और ऑपरेशन कायाकल्प से बेहतर हुए स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की कहानियां शामिल होंगी।

लाभार्थियों की कहानियों से बनेगी डिजिटल पहुंच

बीजेपी की योजना इन लाभार्थियों के करीब एक मिनट के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की है। पार्टी का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का प्रचार केवल नेताओं के भाषणों के जरिए न हो, बल्कि लाभार्थी खुद अपनी कहानी जनता के सामने रखें।

इस रणनीति के जरिए पार्टी यह बताने की कोशिश करेगी कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ किस तरह लोगों तक पहुंचा है और जमीन पर इसका क्या असर हुआ।

Share This Article
Leave a Comment