ट्विशा शर्मा मामला, जेल में सास को कैदी नंबर 71, बेटे को 1782 मिला

shikha verma
2 Min Read

ट्विशा शर्मा मौत मामले में गिरफ्तार पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके पुत्र समर्थ सिंह को न्यायिक हिरासत में भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। जेल प्रशासन ने दोनों को अलग-अलग बैरकों में रखा है और उन्हें कैदी नंबर भी आवंटित कर दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को कैदी नंबर 71 दिया गया है, जबकि उनके बेटे समर्थ सिंह को कैदी नंबर 1782 आवंटित किया गया है। सुरक्षा कारणों के चलते दोनों को अलग-अलग बैरकों में रखा गया है।

गिरिबाला सिंह को महिला बैरक के मेडिकल सेक्शन में अन्य महिला कैदियों के साथ निगरानी में रखा गया है, जबकि समर्थ सिंह को सेंट्रल जेल की बैरक नंबर चार के बी-खंड में 15 अन्य कैदियों के साथ रखा गया है।

जेल प्रबंधन के अनुसार, दोनों को नियमों के तहत एक-एक थाली, कटोरी और चादर प्रदान की गई है। प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सीबीआई की विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए उन्हें 16 जून तक जेल भेजने का आदेश दिया है। जांच एजेंसी ने अदालत में कहा कि मामले से जुड़े कुछ अहम सबूत, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक रिपोर्ट और दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट शामिल है, अभी जांच के अधीन हैं।

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी मिली थीं। इसके बाद सीबीआई ने जांच अपने हाथ में लेते हुए मामले में नई एफआईआर दर्ज की, जिसमें गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment