बिहार में नीतीश कुमार के बाद नई सरकार के गठन की तैयारी जोरों पर है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नाम को अगले मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे ऊपर माना जा रहा है, जबकि बीजेपी से कई अन्य दावेदारों के नाम भी मीडिया रिपोर्ट्स में चर्चा में हैं। लेकिन पूर्व सांसद आनंद मोहन ने हाल ही में ऐसा बयान दिया है, जिससे सभी चर्चित नामों को बड़ा झटका लग सकता है।
आनंद मोहन का दावा: “बीजेपी में पर्ची निकलती है”
मुजफ्फरपुर पहुंचकर मीडिया से बातचीत में आनंद मोहन ने कहा, “हमारे-आपके देखने से क्या होगा। बीजेपी में पर्ची निकलती है। किसके भाग्य से पर्ची निकलती है, इसका इंतजार कीजिए।”
उन्होंने आगे कहा, “मुख्य बात यह है कि आपने 2025 से 2030 तक के लिए वोट मांगा था। अचानक ये बदलाव क्यों? जनता तो चाहती है कि जो वादा किया गया, उसे पूरा किया जाए।”
बीजेपी को सबसे बड़ा नुकसान हो सकता है
आनंद मोहन ने चेताया कि अगर मुख्यमंत्री का चयन दबाव में किया गया तो इसका नुकसान सिर्फ जेडीयू को ही नहीं, बल्कि बीजेपी को भी होगा। उन्होंने कहा, “पीछड़े, अतिपिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वोट बीजेपी के नहीं हैं; ये नीतीश कुमार के माध्यम से बीजेपी को मिलते रहे हैं। ऐसे में किसी भी विवादास्पद फैसला से बीजेपी को नुकसान हो सकता है।”
सुरक्षा मुद्दे पर भी लिया गया स्टैंड
बता दें कि हाल ही में मुजफ्फरपुर के अहियापुर में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या हुई थी। इस मामले को लेकर आनंद मोहन ने मुजफ्फरपुर के एसएसपी से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

