देहरादून में NEET परीक्षा पर सख्त निगरानी, जीरो टॉलरेंस नीति लागू

shikha verma
2 Min Read

NEET-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन के लिए उत्तराखंड में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। देहरादून में राज्य स्तरीय NTA कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर रियल-टाइम निगरानी रखी जा रही है।

कंट्रोल रूम में अपर पुलिस अधीक्षक (कानून व्यवस्था) लोकजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम तैनात है। उनके साथ NTA के ऑब्जर्वर भी मौजूद हैं। यह टीम राज्य के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ 24 घंटे समन्वय में काम कर रही है।

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल या पेपर लीक रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू की है। सभी जिलों के डीएम और एसएसपी/एसपी को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर CCTV और अन्य तकनीकी माध्यमों से विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर अपने केंद्रों पर पहुंचें और सभी नियमों का पालन करें।

Share This Article
Leave a Comment