राजस्थान, सलूंबर में रहस्यमयी बीमारी का प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

Bole India
2 Min Read

राजस्थान के सलूंबर जिले से चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। जिले में रहस्यमयी बीमारी के कारण बीते पांच दिनों में पांच बच्चों की मौत हो गई है। मृतक बच्चों की उम्र 2 से 4 साल के बीच है, जिनमें दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं। इस मामले के बाद प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है।

क्या है मामला?

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह मामले लसाड़िया उपखंड के लालपुरा और घाटा गांव में सामने आए हैं। मृत बच्चों में बुखार और उल्टी जैसे लक्षण देखे गए थे, और उनकी मौत 24 घंटे के भीतर हो गई। मृतक बच्चों की पहचान लालपुरा गांव के दीपक (4), लक्ष्मण (3) और सीमा (4) तथा घाटा गांव के राहुल (4) और काजल (2) के रूप में की गई है। इसके अलावा सलूंबर और उदयपुर के अस्पतालों में आठ अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है।

प्रशासन की कार्रवाई

बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तुरंत नमूने लेने और प्रभावित गांवों का सर्वे करने के लिए भेजा गया। जो भी व्यक्ति इस रहस्यमयी बीमारी के लक्षण दिखाएगा, उसका इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं, और बीमारी की सही जानकारी रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों की एक टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि उदयपुर संभाग में लगभग 3,690 टीमों द्वारा 52,000 से अधिक घरों का सर्वेक्षण किया गया। सर्वे में 275 मरीजों में बीमारी के लक्षण पाए गए, जिनमें से 25 को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि बच्चों में कोई भी लक्षण दिखे तो उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं।

Share This Article
Leave a Comment