पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर सीएम योगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

shikha verma
4 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को लोकभवन प्रांगण में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पं. पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रख्यात अधिवक्ता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश की स्वतंत्रता से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए समर्पित किया।

काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों की पैरवी में निभाई अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन में पंडित पंत की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाई। वर्ष 1925 के काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद जब ब्रिटिश सरकार ने क्रांतिकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए, तब उनकी पैरवी करने वाले प्रमुख अधिवक्ताओं में पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. पंत ने एक अधिवक्ता के रूप में भी राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों के पक्ष में मजबूती से खड़े रहे।

उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में किया महत्वपूर्ण कार्य

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1937 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत संयुक्त प्रांत के प्रीमियर चुने गए। स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1947 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उस समय वर्तमान उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में पं. पंत ने विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका नेतृत्व प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

देश के गृह मंत्री के रूप में राष्ट्रीय एकता को किया मजबूत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की जिम्मेदारी के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1954 में वह देश के गृह मंत्री बने। इस पद पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

उन्होंने कहा कि देश के भीतर विभाजनकारी प्रवृत्तियों का समाधान निकालने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में पं. पंत का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं पं. पंत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देश और समाज के लिए प्रेरणादायी है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री तक उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र सेवा की।

उन्होंने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत का जीवन वर्तमान और भावी पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी जयंती पर प्रदेशवासियों की ओर से पंडित गोविंद बल्लभ पंत को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share This Article
Leave a Comment