मिशन-27: सपा में टिकट चयन को लेकर बड़ा मंथन, कई नेताओं की छुट्टी तय

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व उम्मीदवार चयन को लेकर गंभीर मंथन कर रहा है और माना जा रहा है कि इस बार भी 2024 लोकसभा चुनाव जैसी रणनीति अपनाई जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, सपा ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में जुटी है जो अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत जनाधार और जातीय समीकरणों को संतुलित कर सकें। इसके लिए पार्टी जिला स्तर पर लगातार बैठकें कर रही है और संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की जा रही है।

बताया जा रहा है कि सपा अब तक 35 जिलों की लगभग 150 विधानसभा सीटों पर समीक्षा बैठकें कर चुकी है। जुलाई तक इन सीटों पर संभावित उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने की योजना है। पार्टी का फोकस उन सीटों पर भी है जहां पहले प्रदर्शन कमजोर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, सपा उन नेताओं पर भी नजर रख रही है जो फिलहाल अन्य दलों जैसे बीजेपी, आरएलडी, बसपा या सुभासपा से जुड़े हैं, लेकिन चुनाव से पहले पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इनमें कुछ नामों को लेकर अंदरखाने चर्चा भी चल रही है।

इसके अलावा, पार्टी उन पूर्व नेताओं को भी वापस लाने पर विचार कर रही है जिनके साथ संबंध पहले तनावपूर्ण रहे हैं, लेकिन अब वे वापसी के इच्छुक बताए जा रहे हैं। पार्टी का मानना है कि ऐसे नेताओं के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिल सकती है।

सपा ने यह भी स्पष्ट किया है कि हर विधानसभा सीट पर स्थानीय और मजबूत उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिए जाने की संभावना कम है। साथ ही, संगठनात्मक पदों पर रहते हुए चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को पहले अपने पद से इस्तीफा देना होगा।

पार्टी का लक्ष्य जातीय, सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत चुनावी टीम तैयार करना है, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

Share This Article
Leave a Comment