मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को गोरखपुर महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह देशभक्ति के गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंजता रहा।
यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथ में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। उनके साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
महारानी लक्ष्मीबाई को नमन कर शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया। इसके बाद भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री टाउन हॉल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए आगे बढ़े।
‘हर घर तिरंगा’ के रंग में नजर आया गोरखपुर
यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। स्कूल-कॉलेज के छात्र, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। कई लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट और कैप पहने नजर आए।
जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, लोगों की भीड़ और उत्साह बढ़ता गया। सड़क के किनारे खड़े लोगों ने तिरंगा लहराकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की।
16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के करीब 16 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया।
होटल शिवाय, कचहरी चौक, जलकल, गोलघर, गणेश चौक, काली मंदिर, पुलिस लाइन तिराहा और यातायात तिराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर संगठनों ने मुख्यमंत्री और यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा की।
इस दौरान व्यापारिक संगठनों, अधिवक्ताओं, चिकित्सा क्षेत्र, शिक्षक वर्ग, सिख और सिंधी समाज समेत कई सामाजिक समूहों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
8 जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
तिरंगा यात्रा को खास बनाने के लिए 8 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। लोक कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों ने देशभक्ति से जुड़े गीत, संगीत और अन्य प्रस्तुतियां देकर यात्रा का स्वागत किया।
होटल शिवाय, कचहरी चौक, जलकल, गोलघर, काली मंदिर, पुलिस लाइन तिराहा, यातायात तिराहा और वरदान होटल के पास सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे लोग
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े लोगों ने अपने मोबाइल फोन से यात्रा के वीडियो और तस्वीरें बनाए। दुकानों, डिवाइडर और घरों की छतों से भी लोग तिरंगा यात्रा की झलकियां कैमरे में कैद करते नजर आए।
यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे और वहां पुष्पार्चन कर यात्रा का समापन किया। इसके बाद उन्होंने तिरंगे गुब्बारे छोड़े, सेल्फी ली और बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।


