बिहार के गोपालगंज जिले में एक वायरल वीडियो के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील नृत्य देखा गया था। मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर की गई, जिन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद मीरगंज थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार, यह घटना 2 मई की है, जब अनंत सिंह गोपालगंज के सेमराव गांव में एक जनेऊ समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उनके समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जो बाद में विवादों में बदल गया।
वायरल वीडियो में कई लोग खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम में अश्लील डांस और नोटों की बारिश के दृश्य भी सामने आए, जिससे माहौल शक्ति प्रदर्शन जैसा बन गया। वीडियो में अनंत सिंह को भी कार्यक्रम के दौरान मौजूद और उसे देखते हुए देखा गया।
पुलिस ने इस मामले में जिन लोगों को नामजद किया है, उनमें गुड्डू रॉय उर्फ अमरेश रॉय, उत्सव रॉय, प्रियांशु कुमार, टिशू रॉय, सौरव कुमार राय उर्फ टीकोरी रॉय, विशाल रॉय, सनील यादव, गुंजन सिंह और अनंत सिंह शामिल हैं, जबकि कुछ अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन और सार्वजनिक जगह पर अश्लील गतिविधियाँ कानूनन अपराध हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

