मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित MDA कॉलोनी से सटी हरथला कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके के एक घर में घुस गया। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ घर की लैट्रीन में जा घुसा, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत दरवाज़ा बंद कर उसे भीतर ही कैद कर दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुआ रात भर कॉलोनी में घूमता रहा, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। सुबह होते ही इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और एहतियातन इलाके को घेर लिया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।
हालांकि, तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए विशेषज्ञ टीम को पीलीभीत से बुलाया गया है। वन अधिकारियों के अनुसार, पीलीभीत की विशेष रेस्क्यू टीम के मुरादाबाद पहुंचने के बाद ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाएगा। फिलहाल स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग ने बताया कि रिहायशी क्षेत्रों के पास जंगल और हरित क्षेत्र होने के कारण कभी-कभी जंगली जानवर आबादी की ओर आ जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
