नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की स्टारकास्ट और बड़े स्तर पर हो रहे निर्माण को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने फिल्म को लेकर बड़ा दावा किया है।
काजल अग्रवाल ने एक इंटरव्यू में कहा कि ‘रामायण’ अपने विजन, तकनीक और बड़े पैमाने की वजह से भारत की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनने की क्षमता रखती है। फिल्म में काजल मंदोदरी का किरदार निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है और जब यह ग्लोबल स्तर पर रिलीज होगी तो हर भारतीय के लिए गर्व का पल होगा। काजल ने बताया कि फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय स्तर को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है।
मंदोदरी के किरदार की तैयारी कर रहीं काजल
अभिनेत्री ने बताया कि वह अपने किरदार को बेहतर तरीके से समझने के लिए मंदोदरी से जुड़ी किताबें पढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भूमिका उनके लिए चुनौतीपूर्ण और दिलचस्प है।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसे दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग दिवाली के मौके पर रिलीज होने की उम्मीद है, जबकि दूसरा भाग अगले साल रिलीज किया जाएगा।
फिल्म की ग्लोबल लॉन्चिंग को लेकर भी तैयारियां तेज हैं। रणबीर कपूर और यश हाल ही में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के लिए विदेश रवाना हुए हैं। फिल्म के ट्रेलर को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।


