रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने ऑस्कर 2026 के रेड कार्पेट पर शानदार डेब्यू किया। 15 मार्च को लॉस एंजिल्स में आयोजित 98वें अकादमी अवॉर्ड्स समारोह में ईशा अपने पति आनंद पीरामल के साथ नजर आईं। ऑस्कर के रेड कार्पेट पर उनकी यह पहली उपस्थिति रही, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया और फैशन जगत में काफी चर्चा देखने को मिली।
विंटेज गाउन में दिखा एलिगेंट अंदाज़
इस खास मौके पर ईशा अंबानी ने वेलेंटिनो के हॉट कॉउचर फॉल/विंटर 2006-07 कलेक्शन का विंटेज गाउन पहना था। स्ट्रैपलेस ब्लैक और क्रीम रंग का यह गाउन अपनी बारीक फूलों वाली कढ़ाई के कारण बेहद आकर्षक लग रहा था। अपने लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने लॉरेन श्वार्ट्ज के डायमंड चोकर और मैचिंग ईयररिंग्स पहने, जिससे उनका स्टाइल और भी शानदार नजर आया।
ऑस्कर रेड कार्पेट पर पहुंचने से पहले ईशा अंबानी ने ‘एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स’ का भी दौरा किया। इस विज़िट का उद्देश्य नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर और वैश्विक सिनेमाई संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना बताया गया।
सोशल मीडिया पर मिल रही तारीफ
ईशा अंबानी के इस विंटेज लुक को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। कई लोगों ने उनके स्टाइल और एलिगेंट अंदाज की तारीफ की। यूजर्स का कहना है कि उनका लुक बेहद क्लासी और ग्लैमरस नजर आया।
कौन हैं ईशा अंबानी
ईशा अंबानी भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी हैं और रिलायंस समूह में अहम जिम्मेदारियां निभा रही हैं। वे रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक हैं और कंपनी के रिटेल कारोबार का नेतृत्व करती हैं। इसके अलावा वे रिलायंस जियो, रिलायंस फाउंडेशन और धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
ईशा अंबानी ने साल 2018 में आनंद पीरामल से शादी की थी और यह दंपति 2022 में जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ ऑस्कर समारोह
लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में आयोजित 98वें ऑस्कर समारोह की मेजबानी मशहूर कॉमेडियन कॉनन ओ’ब्रायन ने की। वैश्विक तनाव और सुरक्षा चिंताओं के कारण इस बार कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एफबीआई और लॉस एंजिल्स पुलिस ने समारोह स्थल के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी।
इन सबके बीच ऑस्कर 2026 का यह भव्य आयोजन पूरे वैभव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें ईशा अंबानी की उपस्थिति भी खास आकर्षण का केंद्र रही।
