छत्तीसगढ़ से बिहार जा रही अवैध साखू लकड़ी की सोनभद्र में पकड़ी गई

Bole India
2 Min Read

वन विभाग की टीम ने 70 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद साखू की लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ लिया, जिसे छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई सोनभद्र के म्योरपुर क्षेत्र में की गई, जहां टीम ने ट्रक को कृषि मंडी के पास रोक लिया।

मंगलवार रात करीब 10 बजे रेणुकूट वन प्रभाग के सचल दस्ता दल ने यह अभियान चलाया। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर उड़ाका दल प्रभारी और पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम को म्योरपुर के रन टोला रेलवे गेट के पास मुखबिर से सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक पहले ही मुर्धवा हाथी नाला के रास्ते रॉबर्ट्सगंज की ओर तेजी से बढ़ चुका था। इसके बाद करीब 70 किलोमीटर तक पीछा कर ट्रक (UP 70 NT 9564) को रॉबर्ट्सगंज स्थित कृषि मंडी के पास पकड़ लिया गया।

जांच के दौरान चालक पंचम सिंह लकड़ी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जब टीम ट्रक को अपने कब्जे में लेकर रेणुकूट ले जाने लगी, तभी एक फॉर्च्यूनर सवार कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय रेंज के सहयोग से ट्रक को सुरक्षित रूप से सोनभद्र वन प्रभाग को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में वन दरोगा रवि यादव, छोटेलाल, वनरक्षक शैलेंद्र यादव और हिमांशु मौर्य भी शामिल रहे। सचल दस्ता प्रमुख राघवेंद्र कुमार के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर साखू की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा गया है और चालक से पूछताछ जारी है।

Share This Article
Leave a Comment