मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों के प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समाधान तय समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित फरियादियों से संवाद कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर घर जाएं, उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
कैंसर मरीज की मदद का दिया भरोसा
कार्यक्रम में बरेली से आई एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने उनसे अस्पताल का अनुमानित खर्च (एस्टिमेट) मंगवाने को कहा और तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा, “आप अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की जिम्मेदारी सरकार की है।” उन्होंने मरीज को अस्पताल में भर्ती कर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए।
राजस्व मामलों के निपटारे पर जोर
जनता दर्शन में राजस्व से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त है और ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाए ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
जनहित सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को त्वरित न्याय और राहत देना है। सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर अदालतों में उपस्थित होकर मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना चाहिए।


