गुरु रविदास की जन्मस्थली पहुंचे सीएम योगी, 11 हजार दीपों से जगमग हुआ रविदास पार्क और घाट

shikha verma
2 Min Read

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने संत रविदास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और सामाजिक समरसता एवं सद्भाव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने रविदास स्मारक परिसर में स्थापित विशाल कांस्य प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर संत रविदास के विचारों और उनके समाज सुधार के संदेश को याद किया। इसके बाद आयोजित ‘समरसता संकल्प सभा’ में उन्होंने संत रविदास के आदर्शों और सामाजिक एकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के बाद रविदास पार्क और रविदास घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों ने 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और सामाजिक समरसता, समानता एवं सद्भाव का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री द्वारा भदोही जिले का नाम पुनः ‘संत रविदास नगर’ किए जाने की घोषणा का संत रविदास के अनुयायियों ने स्वागत किया। अनुयायियों ने इसे संत रविदास के सम्मान और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।

धर्मपाल सिंह और अविनाश चंद्र ने कहा कि गुरु रविदास के नाम पर जिले की पहचान होना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। वहीं, वरिंदर बब्लू, देशराज और कृष्ण लाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम संत रविदास के अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान है।

Share This Article
Leave a Comment