सीएम योगी का सख्त निर्देश, पुलिस भर्ती परीक्षा में अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश में होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, आईजी और डीआईजी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 6 जून को व्यापक स्तर पर रिहर्सल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से परीक्षा से जुड़ी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली गलत सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि अभ्यर्थियों में भ्रम या भय का माहौल न बने।

प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जानी है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 81 हजार से लेकर एक लाख तक पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाना है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि युवाओं के विश्वास को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment