पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है, जिसके बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि बिहार की कमान किसके हाथों में होगी। इसी संदर्भ में CM नीतीश कुमार ने आज शाम 5 बजे अपने आधिकारिक आवास पर JDU के सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में वे अपने आगामी राजनीतिक कदमों और पार्टी के फैसलों से नेताओं को अवगत कराएंगे।
नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार की सत्ता संभाली है और अब दिल्ली का रुख करने वाले हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री की गुत्थी सुलझनी बाकी है। चर्चा है कि केंद्र में मंत्री और यादव समाज से जुड़े नित्यानंद राय बिहार के नए CM बन सकते हैं।
हालांकि बीजेपी और JDU के अंदर अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने नेताओं में इस विषय पर जोरदार चर्चाएं हो रही हैं। अगले तीन-चार दिनों में बिहार की नई सरकार और मुख्यमंत्री का नाम तय हो जाने की उम्मीद है।
पिछले 35 सालों में बिहार में केवल दो ही प्रमुख चेहरे रहे हैं – लालू यादव और नीतीश कुमार। स्वास्थ्य कारणों से दोनों पीछे हट चुके हैं। लालू ने अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश की थी, वहीं नीतीश कुमार ने अपने बेटे को कभी आगे नहीं आने दिया। हालांकि अब नीतीश के बेटे की राजनीति में एंट्री को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है और आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय होने वाली है।
