पंजाब सरकार आज राज्य की महिलाओं के लिए शुरू की गई ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पहली किस्त जारी करेगी। इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए राशि भेजी जाएगी।
सरकार के अनुसार, सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी। पहली किस्त में अप्रैल, मई और जून—तीन महीनों की राशि एक साथ लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और एससी वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये मिलेंगे।
योजना का लाभ पंजाब की 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को मिलेगा। यदि एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं, तो प्रत्येक महिला को अलग-अलग योजना का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर से इस योजना की पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी का पंजाब का निवासी होना और आधार कार्ड में पंजाब का पता दर्ज होना आवश्यक है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकारी संसाधनों का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।


