बस्ती जिले में आज कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन कर भाजपा कार्यालय घेराव करने की कोशिश की है। शास्त्री चौक से चले प्रदर्शन को बीच रास्ते में ही प्रशासनिक अधिकारियों ने रोक लिया और वहीं से कांग्रेसियों को वापस कर दिया। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को मिली क्लीन चिट को लेकर भारतीय जनता पार्टी के तानाशाही रवैया के चलते आज कांग्रेसियों ने भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का घेराव करने की तैयारी की थी, जिसको लेकर प्रशासन पहले से ही एलर्ट मोड पर था। शास्त्री चौक पर कॉंग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में पूर्व विधायक अंबिका सिंह, शहर अध्यक्ष शौकत अली उर्फ नन्नू, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडे सहित तमाम कांग्रेसी शास्त्री चौक पर इकट्ठा हुए और वहां से पुराना डाकखाना स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने रस्सी लगाकर कई जगह रोकने की कोशिश की, अंत में दीवानी कचहरी चौराहे से पहले कांग्रेसियों को रोककर उन्हें वापस कर दिया गया। पूर्व विधायक अम्बिका सिंह ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही थी अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में जो फैसला दिया है उससे यह साबित हो गया कि यह सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। क्लीन चिट मिलना उसी का सबूत है।
