मध्य प्रदेश के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में आयोजित बीकॉम, बीबीए और बीसीए तृतीय वर्ष की फाउंडेशन कोर्स परीक्षा के एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को हुई इस परीक्षा के प्रश्नपत्र (कोड K-1041 AB) के भाषा एवं संस्कृति खंड में पूछा गया सवाल—“अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं है…” —कुछ संगठनों को आपत्तिजनक लगा। प्रश्न के साथ दिए गए विकल्पों में सोमेश्वर, ख़ुदा, शक्तिवान और दण्ड देने वाला शामिल थे, जिस पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक रूप से संवेदनशील बताया गया।
इस मुद्दे को लेकर रतलाम में विरोध दर्ज किया गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे जांच के लिए परीक्षा समिति को सौंप दिया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसे मामलों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत विषय विशेषज्ञों की समिति यह जांच करेगी कि संबंधित प्रश्न सिलेबस और तय अकादमिक मानकों के अनुरूप है या नहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में प्रश्न अनुचित या त्रुटिपूर्ण पाया जाता है, तो संबंधित परीक्षक को नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विश्वविद्यालय ने इसे एक अकादमिक मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी परीक्षा के प्रश्नों को लेकर इसी तरह का विवाद सामने आ चुका है, जिससे इस तरह के मामलों को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

